मुंबई , सितंबर 28 -- मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का काम जोरशोर से चल रहा है और इसी कड़ी में महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल स्थापित हुआ है।

राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम लिमिटेड (एनएचएसआरएल) ने इस पुल की तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह पुल महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित दीवे-अंजुर गांव में नासिक राजमार्ग (एनएच-3) पर स्थापित किया गया है। इसकी लंबाई 100 मीटर और वजन 1,405 मीट्रिक टन है। यह महाराष्ट्र में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए पूरा किया गया पहला स्टील पुल है।

एनएचएसआरएल के अनुसार इस पुल का निर्माण तमिलनाडु के त्रिची में स्थित एक कारखाना में किया गया, जो पुल स्थापित किए जाने के स्थान से लगभग 1,300 किलोमीटर दूर है। ढांचे को ट्रेलरों के माध्यम से महाराष्ट्र पहुंचाया गया और स्थापित करने से पहले स्थल पर इसे जोड़ा गया। यह उपलब्धि देश की उन बढ़ती औद्योगिक क्षमताओं को दर्शाती है, जिनके माध्यम से उन्नत रेल परियोजनाओं में से एक के लिए जटिल बुनियादी ढांचा घटकों का निर्माण, परिवहन और आपूर्ति करने में सक्षम हो रहा है।

एनएचएसआरएल ने सोमवार को बताया कि पुल के निर्माण में निर्धारित डिजाइन, ड्राइंग और विवरण के अनुसार सटीक कटाई, ड्रिलिंग, वेल्डिंग और पेंटिंग का काम किया गया। निर्माण में इस्तेमाल किए गये स्टील के प्रत्येक बैच की अल्ट्रासोनिक टेस्टिंग (यूटी) की गयी। इसे काम में शामिल वेल्डरों और पर्यवेक्षकों को अंतरराष्ट्रीय वेल्डिंग विशेषज्ञों द्वारा प्रमाणित किया गया हैं। यह परियोजना भारत की बढ़ती स्वदेशी तकनीकी और सामग्री निर्माण क्षमता को दर्शाती है तथा देश के हाई-स्पीड रेल बुनियादी ढांचे के विकास में 'मेक इन इंडिया' की सोच को प्रदर्शित करती है।

एनएचएसआरएल के अनुसार 100 मीटर लंबे पुल को जमीन से लगभग 17.5 मीटर की ऊंचाई पर अस्थायी ट्रेस्टल पर जोड़ा गया। इसके लिए 22 स्किड व्यवस्था और 54,076 टॉर-शीयर प्रकार के हाई स्ट्रेंथ बोल्ट (टीटीएचएसबी) का इस्तेमाल किया गया। पुल की मजबूती और कंपन को नियंत्रित करने के लिए सी5 सुरक्षात्मक पेंटिंग प्रणाली और इलास्टोमेरिक बेयरिंग लगाए गए हैं।

इसके बाद तैयार पुल को दो खोखले जैक की मदद से निर्धारित स्थान पर खींचकर स्थापित किया गया। प्रत्येक जैक की क्षमता 150 मीट्रिक टन है। इसके साथ प्री-टेंशन वाले मैककॉय बार का भी इस्तेमाल किया गया। राजमार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए यह काम राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय यातायात रोककर किया गया। इसके लिए विस्तृत योजना और सटीक तरीके से काम को अंजाम दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित