नयी दिल्ली , मई 31 -- दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में मुठभेड़ के बाद कथित कार-जैकर मनोज बक्करवाला के बेटे आशीष बक्करवाला को गिरफ्तार कर लिया है।
यह गोलीबारी रविवार तड़के हुई थी। सूत्रों के अनुसार इस अभियान के दौरान आशीष के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद की गयी। उस पर कंझावला, मुंडका और रनहोला इलाकों में हाल ही में हुई गोलीबारी की कई घटनाओं में शामिल होने का संदेह है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह गिरफ्तारी एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद की गई, जिसके बाद आरोपी को काबू कर हिरासत में ले लिया गया। जांचकर्ता अब कई आपराधिक मामलों में उसकी कथित संलिप्तता की जांच कर रहे हैं और क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं से उसके संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रहे हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित