मुंगेली , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान एक स्कूल बंद मिला, जबकि दूसरे विद्यालय में शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिले में स्कूलों की कार्यप्रणाली और शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने विकासखंड मुंगेली के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुबह लगभग 10 बजे शासकीय प्राथमिक शाला किंगरियापारा पूरी तरह बंद मिला। विद्यालय परिसर में ताला लगा था और वहां कोई भी शिक्षक या कर्मचारी उपस्थित नहीं था। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला झिटकनिया के निरीक्षण में शिक्षक एस.एस. बघेल और शिक्षिका एस. चंद्राकर बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।

विद्यालय निर्धारित समय तक बंद रहने और शिक्षकों की बिना अनुमति अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में समय पर उपस्थिति और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे भी निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित