रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत लछनपुर में बहुउद्देशीय इंडोर खेल परिसर के निर्माण के लिए चार करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत इस परियोजना के लिए राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने बुधवार को मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लछनपुर में करीब एक एकड़ भूमि पर प्रस्तावित इस खेल परिसर में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट सहित विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।

परिसर के निर्माण से मुंगेली जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता संबंधी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों का उत्तरदायित्व निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित