भागलपुर , सितंबर 25 -- बिहार में भागलपुर के विक्रमशिला गंगा सेतु के बंद होने के मद्देनजर मुंगेर से भागलपुर के लिए नवनिर्मित मुंगेर - मिर्जाचौकी राष्ट्रीय उच्च मार्ग -33 (एन एच -80) को शुक्रवार से चालू कर दिया गया है।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मुंगेर परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने शुक्रवार को यहां बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मौजूदा समय में इस ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क (एन एच -33) के दो लेन को मुंगेर से लेकर भागलपुर तक आवागमन के लिए खोल दिया गया है। जिससे भागलपुर और मुंगेर जिलो में आम लोगों को आवागमन और पथ संपर्क की व्यवस्था सुगमता से उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत शुक्रवार से मुंगेर जिले के रामनगर से बरियारपुर होते हुए भागलपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग -33 के एक तरफ (साइड)के दो लेन से वाहनों का परिचालन शुरु हो गया है।जबकि कल्याणपुर टोल टैक्स सेन्टर से भागलपुर तक इस मार्ग के दोनों तरफ से (पूरे मार्ग) सभी चार लेन से वाहनों की आवाजाही होने लगी है।

श्री कुमार ने बताया कि मुंगेर से मिर्जाचोकी तक करीब 98 किलोमीटर लंबी इस ग्रीनफील्ड फोरलेन (एनएच- 33) परियोजना का निर्माण कार्य कुल चार पैकजो में चल रहा है। मुंगेर से भागलपुर तक पहले एवं दूसरे पैकेज का काम लगभग पूरा हो चुका है और आगामी दिसंबर तक इस फोरलेन को पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।,जबकि तीसरे एवं चौथे पैकेज का काम भागलपुर से कहलगांव होते हुए मिर्जाचोकी तक चल रहा हैभागलपुर एवं सीमांचल क्षेत्र की जीवन रेखा मानी जाने वाली "विक्रमशिला गंगा सेतु" को पुननिर्माण के लिए आगामी एक अक्टूबर से बंद किया जा रहा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को भागलपुर से मुंगेर के बीच आवागमन के लिए इस नये राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग का लाभ मिलेगा। खासकर, बांका और झारखंड के साहेबगंज, गोड्डा आदि जिलो के आमलोगों को भी मुंगेर के रास्ते पटना और उत्तर बिहार जाने -आने में काफी सुविधा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित