मुंगेर , जनवरी 29 -- बिहार में मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के घोसी टोला मोहल्ले में पुलिस ने अवैध बंदूक कारखाना का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने आज शाम प्रेस वार्ता में बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने आज छापामारी कर एक घर में संचालित अवैध बंदूक कारखाना का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मकान मालिक पंकज कुमार और बंदूक कारखाना में काम करने वाले कारीगर जितेंद्र कुमार पंडित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से एक बेस मशीन, दो अर्द्ध निर्मित देसी पिस्तौल और 35 अर्द्ध निर्मित मैगजीन और शस्त्र निर्माण की सामग्रियां बरामद की गयी है। गिरफ्तार बंदूक कारीगर जितेंद्र कुमार पंडित कासिम बाजार थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली का रहने वाला है । वह वर्ष 2024 में भी जेल गया था ।जेल में कुछ दिन रहने के बाद जब वह जमानत पर छूटा, तो उसने पुनः अवैध शस्त्र बनाना शुरू कर दिया ।पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित