मुंगेर , दिसंबर 24 -- मुंगेर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक गुप्ता ने मंगलवार को जिला विधिज्ञ संघ के सदस्य अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगेर व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायालय जल्द ही "पेपर लेस" कार्य करेंगे।
श्री गुप्ता ने आज कहा कि पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर मुंगेर व्यवहार न्यायालय में संचालित सभी न्यायिक दंडाधिकारी और न्यायाधीशों के न्यायालय का संचालन शीघ्र ही "पेपरलेस" होने जा रहा है। उन्होंने कहा की सबसे पहले मुंगेर व्यवहार न्यायालय के सभी अधिवक्ताओं को अपना-अपना ई रजिस्ट्रेशन करा लेना है। उन्होंने कहा कि ई रजिस्ट्रेशन के साथ ही अधिवक्तागण न्यायालय में अपने मुकदमों के दस्तावेज ई फाइलिंग के जरिए प्रस्तुत करना शुरू कर सकते हैं ।
उन्होंने ई रजिस्ट्रेशन और ई फाइलिंग और वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से मुकदमों की सुनवाई के लाभों को भी अधिवक्ताओं से अवगत कराया और कहा कि जल्द ही मुंगेर न्यायालय के मुकदमों के "आर्डर सीट" भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिवक्ताओं को सुलभ उपलब्ध हो जाएंगे। उन्होंने इस मुहिम में अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
इस बीच मुंगेर विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष शशि शेखर प्रसाद सिंह और उन अधिवक्ताओं ने पटना उच्च न्यायालय के इस कदम की को क्रांतिकारी बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित