मुंगेर, अगस्त 11 -- मुंगेर विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर( डॉक्टर) संजय कुमार ने मंगलवार को कहा कि विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों में 295 शिक्षकों की पदस्थापन के बाद कक्षाएं सुचारू हुई हैं और छात्रों की उपस्थिति में भी गुणात्मक बदलाव आया है।

श्री कुमार ने आज मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह के समापन के अवसर पर 761 विद्यार्थियों को पदक तथा सर्टिफिकेट प्रदान किया जिसमें 53 विद्यार्थियों को गोल्ड, 50 विद्यार्थियों को सिल्वर, 55 और विद्यार्थियों को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता पहले बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन करने वाले थे लेकिन अपरिहार्य कारणों से वह इसमें शामिल नहीं हुए।

मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कुमार ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से वर्ष 2025 में 100 नियमित शिक्षकों के पदस्थापन और वर्ष 2026 में मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन नव स्थापित 20 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के लिए 195 शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने के कारण विश्वविद्यालय के अधीन संचालित सभी महाविद्यालय और नव स्थापित महाविद्यालयों में पठन-पाठन में गुणवत्तापूर्ण सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में कक्षाएं अब सुचारू रूप से चल रही हैं और छात्रों की उपस्थिति भी ज्यादा बढ़ गई है।

कुलपति ने कहा कि बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन संचालित महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमियों को दूर कर दिया है।

दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधन करते हुए पद्मश्री प्रोफेसर रविंद्र कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखें।

कुलपति ने मेडल पाने वाले सभी 761 छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई कि वह अपने ज्ञान ,अनुभव और दक्षता का उपयोग समाज के उत्थान के लिए करेंगे तथा सत्य, ईमानदारी और निष्ठा से अपने जीवन में कर्तव्यों का पालन करेंगें।

समारोह के दौरान मेडल पाने वाले ज्यादातर छात्र- छात्राओं ने अपने जीवन में शैक्षणिक सफलता के लिए शिक्षकों के साथ-साथ अपने माता-पिता को क्रेडिट दिया है ।

इससे पहले समारोह की शुरुआत में कुलपति ,कुलसचिव और विशिष्ट अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर तृतीय दीक्षांत समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित