मुंगेर, सितंबर 11 -- ोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से चलाए जा रहे "जलमीनार सफाई अभियान" के तहत राज्यभर में जलमीनारों एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड अंतर्गत मकवा पंचायत के पनसॉय, सरौन एवं मकवा गांवों में एकल जलापूर्ति योजनाओं की जलमीनारों की सफाई कराई गई।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार की मौजूदगी में तीनों जलमीनारों की सफाई का कार्य कराया गया। सफाई के दौरान जलमीनारों के अंदर जमा गाद, मिट्टी एवं अन्य अवशेषों को हटाने के साथ आवश्यक स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया।

पनसॉय गांव की जलापूर्ति योजना के माध्यम से लगभग 673 घरों, सरौन गांव की योजना के माध्यम से लगभग 690 घरों तथा मकवा गांव की एकल जलापूर्ति योजना के माध्यम से लगभग 673 घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

मकवा पंचायत सहित यह क्षेत्र फ्लोराइड प्रभावित है। यहां जल को शुद्ध कर लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे फ्लोराइड के दुष्प्रभाव एवं फ्लोरोसिस जैसी बीमारी से बचाव में मदद मिल रही है।उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जलमीनारों की सफाई के साथ-साथ उनकी नियमित देखरेख और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जलमीनार सफाई अभियान के तहत अब तक राज्य में कुल 8,304 जलमीनारों/पानी की टंकियों की सफाई कराई जा चुकी है। अभियान के माध्यम से जलापूर्ति संरचनाओं की स्वच्छता सुनिश्चित करते हुए लोगों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने पर विभाग का विशेष जोर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित