मुंगेर , मई 24 -- िहार के मुंगेर जिले में पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में आग्नेयास्त्र एवं कारतूस की तस्करी करने वाले अंतरजिला गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने रविवार को बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अभिषेक आनंद के नेतृत्व में की गयी छापेमारी में पुलिस ने तस्करों के पास से 120 कारतूस, एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, एक चारपहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा साढ़े चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल मलिक, मोहम्मद आजाद और मोहम्मद गोपाल दास के रूप में हुई है। तीनों मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर, मिर्जापुर बरदह और मिल्कीचक गांव के निवासी हैं।उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद साहिल मलिक का पिता इम्तियाज उर्फ अब्बू पश्चिम बंगाल की एक जेल में शस्त्र तस्करी के मामले में न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कारतूस तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित