नैनीताल , नवम्बर 10 -- उत्तराखंड के नैनीताल में चीना पीक के जंगल से लापता मुंगेर , बिहार के युवक अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार की तलाश जारी है। मंगलवार को पुलिस ने युवक की तलाश में चीना पीक के जंगलों की खाक छानी लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्णव कुमार सिंह गत छह नवम्बर को मुंगेर के अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल के चीना पीक क्षेत्र में घूमने गया था। इसी दौरान वापस लौटते वक्त वह यकायक लापता हो गया। उसके साथियों ने इसकी सूचना मल्लीताल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन बल, राजस्व और वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। पिछले पांच दिन से पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है। मल्लीताल के कोतवाल राजेन्द्र सिंह रावत के अनुसार आज भी दो ड्रोन और डाग स्क्वायड के साथ जंगल में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि शाम तक लापता युवक को संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि आगे भी लगातार तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि लापता युवक के संदर्भ में यदि किसी को कोई जानकारी मिले तो 05942-2352424, 9411112869, 9411112979 पर सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित