मुंगेर , जून 08 -- बिहार के मुंगेर जिले में स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में छात्र-छात्राएं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी अत्याधुनिक तकनीक की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। महाविद्यालय में वर्तमान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में भी बीटेक की पढ़ाई कराई जा रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शाखा में 60 छात्र-छात्राएं तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रही छात्रा अनन्या, रिया कुमारी तथा छात्र सार्थक कुमार और मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें खुशी है कि मुंगेर जैसे शहर में इस आधुनिक विषय की तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
महाविद्यालय में वर्तमान में कुल 360 छात्र-छात्राएं विभिन्न तकनीकी विषयों में अध्ययनरत हैं। छात्र-छात्राओं ने बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मामूली शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि निजी संस्थानों में इसी प्रकार की शिक्षा पर लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
महाविद्यालय परिसर में छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग आधुनिक छात्रावासों की व्यवस्था भी की गई है। छात्राओं ने बताया कि उन्हें परिसर में सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सत्र 2027 से संस्थान में कंप्यूटर साइंस के अंतर्गत "मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग" विषय की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी। इसके लिए सरकार ने 60 अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति प्रदान की है। इसके बाद महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की कुल संख्या बढ़कर 420 हो जाएगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 में महाविद्यालय के 140 छात्र-छात्राओं का देश की विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये से लेकर साढ़े सात लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज प्राप्त हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित