मुंगेर , मार्च 09 -- बिहार सरकार के कृषि विभाग ने मुंगेर जिले में कृषि क्षेत्र में किसानों की आर्थिक प्रगति और फसल उत्पादन में वृद्धि के लक्ष्य को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि यांत्रिकीकरण मेला 2025-26 का नौवागढ़ी गांव स्थित मनरेगा खेल मैदान में शुभारंभ किया।
जिला उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह ,जिला कृषि पदाधिकारी सुष्मिता सहित अन्य कृषि विभाग के पदाधिकारी ने दो दिवसीय मेला का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने कहा कि आज भी भारत में 45 प्रतिशत से 50 प्रतिशत लोग कृषि आधारित उद्योग पर निर्भर है। उन्होंने कृषि उत्पादन में वृद्धि और कृषकों की आर्थिक प्रगति के लिए अधिक से अधिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जरूर बताई।
मुंगेर जिला कृषि पदाधिकारी सुष्मिता ने कहा कि दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकीकरण मेला में पूरे जिले में 1262 किसानों को लॉटरी सिस्टम के माध्यम से कृषि यंत्रों की खरीद का परमिट जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि एकल कृषि यंत्रों में आज 490 किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद के एवज में एक करोड़ दो लाख की अनुदान राशि उन किसानों बचत खाता में हस्तांतरित किया गया।उन्होंने कहा कि मुंगेर जिले में "कस्टम हायरिंग सेंटर के किसान गोपाल चौधरी को कस्टम हायरिंग केंद्र की स्थापना के लिए अनुदान राशि के रूप में चार लाख की राशि उनके अकाउंट में स्थानांतरित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित