भोपाल , जून 08 -- कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने आज मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा तथा पार्टी के विधायक एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पूरी एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजने के लिए प्रतिबद्ध है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान में दावा किया गया कि भारतीय जनता पार्टी के पास तीसरा राज्यसभा सदस्य निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त विधायक नहीं हैं, इसके बावजूद उसने तीसरे उम्मीदवार का नामांकन दाखिल कराया है।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने दावा किया कि उसके सभी विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित