बारां , जनवरी 19 -- राजस्थान में बारां में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा ने सोमवार को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में श्री मीणा ने जिले में पीएम जनमन योजना के तहत संचालित विभिन्न कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित कार्य 31 मार्च तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना का उद्देश्य जिले के सहरिया समुदाय के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्री मीणा ने आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तीकरण एवं आजीविका से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने जिले में पीएम जनमन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
समीक्षा बैठक के उपरांत श्री मीणा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करके पीएम जनमन योजना से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने किशनगंज स्थित राजकीय जनजाति कन्या आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बालिकाओं से संवाद करके उनकी शिक्षा, आवासीय सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने पगारा में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और ग्रामीण महिलाओं से संवाद करके पोषण, स्वास्थ्य एवं योजनाओं के लाभ की स्थिति जानी। गरड़ा में पीएम जनमन छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित