तिरुवनंतपुरम , सितंबर 29 -- केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन जल्द ही मीडिया के साथ औचक बातचीत करना कम करके हर बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस वार्ता करनेका सिलसिला शुरू कर सकते हैं।

पत्रकारों को श्री सतीशन के साथ होने वाली प्रेस वार्ता की सूचना पहले से दी जायेगी। आपातकालीन स्थिति में भी मीडिया से बातचीत सूचना देने के बाद ही होगी।

मामले से जानकार सूत्रों ने बताया कि कई पत्रकार श्री सतीशन को उनके दौरों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान रोककर सवाल पूछते थे, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। कई मौकों पर जवाब न देने का उनका निर्णय सुर्खियां भी बटोर चुका है। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखकर भी की गयी है, क्योंकि कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में पत्रकारों ने उन्हें घेरकर अलग-अलग मुद्दों पर उनकी टिप्पणी मांगी थी।

सूत्रों के अनुसार, कोच्चि में पत्रकारों ने भारतीय जनता पार्टी के नेता शोन जॉर्ज के आरोपों पर श्री सतीशन की टिप्पणी मांगी थी। खुफिया शाखा ने इस घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की थी। ऐसी ही घटना इडुक्की कलेक्टरेट में हुई थी, जहां पत्रकारों ने श्री सतीशन को एक बैठक के बाद घेर लिया था।

इसके बाद खुफिया शाखा के एक सहायक पुलिस महानिदेशक ने जिला पुलिस अधिकारियों को चौकन्ना रहने का आदेश दिया और कहा कि कोई भी व्यक्ति अनियंत्रित रूप से मुख्यमंत्री के समीप न जा सके।

विपक्षी पार्टियों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री की ओर लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाने की भी मांग की है। खुफिया इकाई ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के तहत मुख्यमंत्री के गाड़ियों के काफिले को और मज़बूत करने का सुझाव दिया था। सूत्रों के मुताबिक श्री सतीशन अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित