रांची , सितंबर 12 -- झारखंड के रांची प्रेस क्लब मीडिया कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ शनिवार को हो गया।

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में अमानत, दामोदर और गंगा ने जीत के साथ शुरुआत की। वहीं, कोयल-भैरवी का मैच बराबरी पर छूटा। उद्घाटन समारोह में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण झारखंड के निदेशक नीरज कुमार मुख्य अतिथि और खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय झारखंड के उप निदेशक निर्भय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

पहला मैच अमानत और कारो के बीच हुआ। अमानत ने यह मुकाबला 2-1 से जीता। अमानत की तरफ से राजा मेहंदी ने दो गोल और कारो की ओर से निर्भय ने एक गोल किया। राजा मेहंदी मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मुकाबले में दामोदर ने शंख को एकतरफा मुकाबले में दो 2-0 से हराया। बासुदेव मिश्रा और नवल किशोर ने एक-एक गोल किया। बासुदेव मिश्रा मैन ऑफ द मैच रहे।

कोयल और भैरवी के बीच खेला गया तीसरा मुकाबला एक-एक की बराबरी पर रहा। कोयल की ओर से मोनु कुमार और भैरवी की ओर से नूतन तिर्की ने गोल किया। नूतन तिर्की मैन ऑफ द मैच रहे। दिन के अंतिम मुकाबले में गंगा ने अजय को 2-1 से पराजित किया। गंगा की ओर से शंकर ठाकुर और राजेश सिंह ने और अजय की ओर से संतोष गुप्ता ने गोल किया। शंकर ठाकुर मैन ऑफ द मैच रहे। समारोह में प्रेस क्लब की टीम के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित