जयपुर , जुलाई 24 -- मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 मणिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया का मंच जीवन बदलने वाला अनुभव बताते हुए कहा है कि यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों को केवल ताज जीतने का अवसर नहीं देती, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में विकसित करती है।

मणिका ने शुक्रवार को यहां सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के गाला राउंड, इंट्रो एवं वेलकम सेरेमनी के अवसर पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी फाइनलिस्ट अपनी-अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यहां तक पहुंची हैं और प्रत्येक प्रतियोगी इस मंच की वास्तविक विजेता है।

इस अवसर पर मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य का मंच नहीं, बल्कि प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय महिलाओं के आत्मविश्वास को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा "हमें विश्वास है कि इस वर्ष की विजेता मिस यूनिवर्स का ताज जीत अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ायेगी।"सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ रही है। देशभर से चयनित 52 फाइनलिस्ट के बीच खिताब के लिए कड़ा मुकाबला जारी है। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में फाइनलिस्ट विभिन्न मूल्यांकन दौर से गुजरेंगी, 23 अगस्त को जयपुर में ग्रैंड फिनाले आयोजित है जिसके बाद मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज पहनने वाली विजेता भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित