लखनऊ , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शुक्रवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बैठक का उद्घाटन करेंगे।
बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी तैयारियों और सरकार की उपलब्धियों के साथ आगामी राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा होने की संभावना है।बैठक में कार्यसमिति के एजेंडे, प्रमुख विषयों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को 'जहां कम, वहां हम' के आधार पर काम करते हुए संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों तथा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही पार्टी अपना आगामी एजेंडा भी घोषित करेगी।
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होने वाली इस बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सहप्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, पूर्व और वर्तमान चुनाव प्रत्याशियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में संगठन के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
गौरतलब है कि राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से एक दिन पहले गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई थी। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सहप्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित