नैनीताल , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नैनीताल विधानसभा के पाँचों मंडलों की संगठनात्मक बैठक गुरुवार को नैनीताल क्लब में हुई। बैठक में नैनीताल नगर, नैनीताल ग्रामीण, भवाली, बेतालघाट और गरमपानी मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी रवि मोहन अग्रवाल के पहले आगमन और परिचयात्मक कार्यक्रम के लिहाज से अहम रही। विधानसभा विस्तारक करन पाठक भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दोनों का स्वागत किया।

श्री अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार सक्रिय बूथ, समर्पित कार्यकर्ता और जनता से निरंतर संपर्क है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियां प्रभावी ढंग से निभाने, बूथ स्तर पर नियमित गतिविधियां चलाने और आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने को कहा।

उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिली सफलता का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से उसी उत्साह और एकजुटता के साथ तैयारी में जुटने का आह्वान किया। बैठक में बूथ सशक्तीकरण अभियान को प्रभावी बनाने, शक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने और संगठन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

विस्तारक करन पाठक ने भी बूथ स्तर की जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन पर मार्गदर्शन दिया। बैठक में पाँचों मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित