मैनपुरी , जून 18 -- मैनपुरी जिले में संचालित 'मिशन समाधान' अभियान के तहत वर्षों से लंबित भूमि विवादों के निस्तारण में प्रशासन को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील सदर और कुरावली क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर मौके पर सुनवाई की तथा दशकों पुराने पट्टा एवं भूमि विवादों का समाधान कराते हुए लाभार्थियों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया।

तहसील सदर के ग्राम सूरजपुर मनोना में रामादेवी को लगभग 48 वर्ष पूर्व पट्टे पर भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन उन्हें अब तक उसका वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया था। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराया तथा सभी पक्षों की उपस्थिति में उन्हें भूमि का कब्जा दिलाया। करीब आधी सदी बाद भूमि पर अधिकार मिलने से रामादेवी भावुक हो उठीं और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार तहसील कुरावली के ग्राम सुजरई रामनगर में उषा देवी को लगभग 20 वर्ष पूर्व आवंटित पट्टे की भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका था। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अभिलेखों के अनुसार पैमाइश कराकर उन्हें भूमि का वास्तविक कब्जा दिलाया।

ग्राम बसुरा सुल्तानपुर में भूमि विवाद से जुड़े चार मामलों की भी मौके पर सुनवाई की गई। राजस्व अधिकारियों ने पैमाइश कर वास्तविक सीमाएं निर्धारित कीं तथा भविष्य में विवाद की संभावना समाप्त करने के लिए जेसीबी के माध्यम से हदबंदी और मेड़बंदी कराई गई। सभी पक्षों की सहमति से वर्षों पुराने विवादों का निस्तारण कराया गया।

जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि मिशन समाधान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्तियों को उनका वास्तविक अधिकार दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवादों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक कब्जा मिलने तक प्रकरण को लंबित माना जाए।

उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवाद अक्सर सामाजिक तनाव, मुकदमेबाजी और गंभीर आपराधिक घटनाओं का कारण बनते हैं। इसलिए ऐसे मामलों का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लंबे समय से लंबित मामलों का निस्तारण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों का विश्वास बढ़ा है और सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिली है।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कुरावली शिव नरेश, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक कुरावली ललित भाटी, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित