पटना, सितंबर 15 -- गर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश एवं निगरानी में पटना नगर निगम की ओर से मिशन मोड में संपत्ति कर संग्रहण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राजस्व टीम के साथ-साथ सफाई टीमों को भी विशेष प्रशिक्षण देकर इस अभियान से जोड़ा गया है। इसके फलस्वरूप निगम द्वारा एक ही दिन में कुल 89.76 लाख रुपये (शाम 5 बजे तक) संपत्ति कर संग्रहित किया गया।
संपत्ति कर संवर्धन अभियान के तहत सभी अंचलों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान एवं स्थल निरीक्षण भी लगातार किया जा रहा है। अभियान के दौरान बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क कर उनकी संपत्तियों की जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। इसके फलस्वरूप 99 ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई, जिन्हें संपत्ति कर के दायरे में लाया गया है।
इसके अतिरिक्त 34 संपत्तियों ने स्व पुनर्मूल्यांकन किया गया, जबकि 13 संपत्तियों का पेनाल्टी के साथ पुनर्मूल्यांकन किया गया।
पटना नगर निगम द्वारा संपत्ति कर संवर्धन अभियान के तहत लगातार स्थल निरीक्षण एवं संपत्तियों के कर निर्धारण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बांकीपुर अंचल अंतर्गत अशोक राजपथ स्थित साइंस कॉलेज के समीप इस्लामिया शमशुल होदा के नवनिर्मित भवन की नापी के दौरान बिल्डर द्वारा निगम की टीम के कार्य में बाधा उत्पन्न की गई तथा टीम के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
कार्य में व्यवधान उत्पन्न किए जाने को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा पीरबहोर थाना को पत्र भेजकर संबंधित बिल्डर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित