हाजीपुर , मई 08 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वैशाली वर्षा सिंह के निर्देशानुसार जिले में किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री का कार्य के लिये 12.05.2026 से 30.06.2026 तक विशेष अभियान चलाया जायेगा और अधिकाधिक किसानों का निबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिये फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से किसानों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण, फसल सहायता, कृषि यंत्र अनुदान, पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार, पंचायत स्तरीय कर्मी एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा। अभियान अवधि के दौरान पंचायत भवन, प्रखंड कार्यालय, कृषि समन्वयक कार्यालय एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर फार्मर रजिस्ट्री के लिये आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिये कि अभियान के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये , जिससे अभियान की सतत निगरानी एवं समीक्षा की जा सके।उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। इससे वास्तविक किसानों की पहचान सुनिश्चित होगी और सरकारी सहायता का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित