पटियाला , सितंबर 30 -- पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) ने मिशन क्लीन पटियाला के तहत अब तक 13.79 टन कचरा हटाने और 800 पौधे लगाने का दावा किया है।

बोर्ड ने अभियान की गतिविधियों की निगरानी के लिए बुधवार को एक डैशबोर्ड शुरू किया तथा स्कूलों और कॉलेजों के लिए 'प्लास्टिक-मुक्त लंच' अभियान की शुरुआत की। पीपीसीबी की अध्यक्ष रीना गुप्ता और पटियाला नगर निगम की आयुक्त पूजा स्याल ग्रेवाल ने डैशबोर्ड का उद्घाटन किया।

बोर्ड के अनुसार अप्रैल 2026 में शुरू किये गये अभियान के तहत अब तक 50 से अधिक संस्थानों की भागीदारी से 72 गतिविधियां आयोजित की गयी हैं। इनमें सफाई, जागरूकता और पौधरोपण अभियान शामिल हैं। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों, गैर-सरकारी संगठनों, सरकारी अधिकारियों और स्थानीय निवासियों समेत 1,814 लोगों ने भाग लिया।

पीपीसीबी ने कहा कि सड़क सफाई अभियान जारी रहेगा और संस्थानों के प्रदर्शन की तिमाही समीक्षा की जायेगी। सालाना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले संस्थान को राज्य शहीद भगत सिंह पुरस्कार के लिए अनुशंसित किया जायेगा।

सुश्री रीना गुप्ता ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों में सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता गतिविधियों को नियमित नागरिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है। 'प्लास्टिक-मुक्त लंच' अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों को लंच बॉक्स तथा अन्य संबंधित सामग्री में प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को सम्मानित किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि कचरे का उचित प्रबंधन वायु प्रदूषण रोकने में भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जमा कचरे को खुले में जलाने से हानिकारक प्रदूषक उत्सर्जित हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित