चंडीगढ़ , जून 24 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में स्कूल स्तर से खेल प्रतिभाओं को तैयार करने की व्यापक योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अब स्कूली स्तर पर खेलों को और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
हरियाणा सिविल सचिवालय में शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री ढांडा ने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को आधुनिक खेल उपकरण, बुनियादी सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
मंत्री ने कहा कि सभी स्कूलों का वार्षिक खेल कैलेंडर समय पर तैयार किया जाए और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रतियोगिताओं से पहले खिलाड़ियों के लिए कम से कम 10 दिनों के विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ी बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतर सकें।
महीपाल ढांडा ने खेलों के लिए आवंटित बजट के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इसका लाभ सीधे खिलाड़ियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को मिलने वाला खुराक भत्ता समय पर जारी किया जाए ताकि उनके पोषण और स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। बैठक में शिक्षा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया तथा खेल गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित