कानपुर , सितंबर 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय सांसद रमेश अवस्थी में किसानाें को सलाह दी कि श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन से वे अपनी आय में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनांतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजनांतर्गत मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम का आयोजन चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कैलाश भवन सभागार में किया गया। महोत्सव में कृषि विभाग की ओर से बीज, कृषि रक्षा एवं मृदा परीक्षण, उद्यान, एफपीओ, जैविक खेती समेत सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के विभिन्न स्टॉल लगाए गए। गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने कृषि संबंधी साहित्य प्राप्त किया और विशेषज्ञों से उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी ली।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्राथमिकता किसानों, युवाओं, मातृशक्ति और गरीबों की प्रगति है। श्रीअन्न यानी मिलेट्स को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने से इसके निर्यात को भी बढ़ावा मिला है। भविष्य में मिलेट्स की मांग बढ़ने की संभावना है, इसलिए किसानों को इसका उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे उन्हें उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक मिलेट्स फसलों का उत्पादन करने का आह्वान किया।

कुलपति, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने कहा कि खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ अब तिलहन, दलहन और श्रीअन्न की फसलों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मिलेट्स पोषण से भरपूर फसलें हैं। उन्होंने पोषणयुक्त भोजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से ज्वार, बाजरा और रागी जैसी पोषक फसलों का उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों का उत्पादन बढ़ाने के साथ उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना है। उन्होंने मिलेट्स से जुड़े तीन प्रमुख पहलुओं-किसान, पोषण और व्यापार-की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कम लागत में मिलेट्स का उत्पादन कर किसान बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। मिलेट्स पोषण से भरपूर होने के कारण स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। इनके प्रसंस्करण और उचित विपणन से किसानों को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स उत्पादक किसानों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।

संयुक्त कृषि निदेशक, कानपुर मंडल धर्मेंद्र कुमार ने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर खेती को उन्नत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने प्रतिबंधित कृषि रक्षा रसायनों का प्रयोग नहीं करने तथा आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम मात्रा में कृषि रक्षा रसायनों के उपयोग की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित