रायपुर , अगस्त 06 -- छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि दूध, दही अथवा मक्खन में मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि सभी खाने-पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

गुरुवार सुबह मीडिया से चर्चा के दौरान रेलवे स्टेशन में 500 किलो पनीर जब्ती के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभाग को कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर में कोई वारदात या घटना होने पर रेलवे की भूमिका सामने आती है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और अलर्ट मोड पर है।

श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, "वो काम करने में डाल-डाल हैं, तो हम पात-पात हैं।" उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छात्रों से उनकी मुलाकात हुई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है और प्रदर्शन करना भी सभी का अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है और मामले पर विचार किया जा रहा है।

वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावे पर स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के "एक पॉकेट में पेट्रोल, तो दूसरे में माचिस है।" उन्होंने पंजाब में कांग्रेस नेताओं के बीच चल रहे विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस कभी एक होकर काम नहीं कर सकती। कांग्रेस केवल प्लान बनाती है, एक्शन नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने मन को तसल्ली देने के लिए खुद को बहला लेती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित