मिर्जापुर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के ड्रॉमंडगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-कन्याकुमारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ के बड़का मोड़ पर बुधवार देर रात हुये भीषण सड़क हादसे में मृत 11 लोगों की शिनाख्त कर ली गयी है। पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक ने बताया कि मध्यप्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा एक ट्रक संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो एक स्विफ्ट कार से भिड़ गई, जो आगे चल रहे एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद बोलेरो सड़क से अलग जा गिरी और उसमें आग लग गई, जबकि अन्य वाहन आपस में फंस गए।

आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वाहन में सवार नौ लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव निवासी एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश के मैहर देवी धाम से आठ वर्षीय बालक का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे थे।

मृतकों में शिवा सिंह (8), वंदना सिंह (48), पीयूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), वीना सिंह (47), सोनम सिंह (9) तथा चालक विष्णु सिंह (45) शामिल हैं। इसके अलावा सतना (मध्यप्रदेश) निवासी प्रियंका सिंह (42) और उनके पुत्र कार्तिकेय सिंह (19) की भी मौत हुई है। हादसे में सोनभद्र के जयप्रकाश (28) और ट्रक के खलासी सागर (मध्यप्रदेश) निवासी विकास शर्मा की भी जान गई।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया गया। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए शोक व्यक्त किया है और घायलों के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बड़का मोड़ क्षेत्र में अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं, जिससे इसे 'किलर मोड़' के रूप में जाना जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय आग इतनी तेज थी कि किसी के पास जाने की हिम्मत नहीं हो पा रही थी और लोग अंदर से बचाने की गुहार लगाते रह गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित