मिर्जापुर , मई 19 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र स्थित सेमरा गांव में मंगलवार दोपहर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक किशोर के डूब जाने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों और स्थानीय मल्लाहों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने बताया कि सेमरा गांव निवासी संजय तिवारी का इकलौता पुत्र यश (16) मुंबई में रहकर पढ़ाई करता था और गर्मी की छुट्टियों में इन दिनों गांव आया हुआ था। मंगलवार को वह अपने चार हमउम्र साथियों के साथ गांव के गंगा घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक यश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो साथी भी आगे बढ़े, लेकिन वे भी डूबने लगे। इस दौरान एक अन्य साथी ने सूझबूझ दिखाते हुए बांस के सहारे दोनों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक यश गहरे पानी में समा चुका था। तैरना न आने के कारण वह खुद को बचा नहीं सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों व स्थानीय मल्लाहों की सहायता से किशोर की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक खोजबीन जारी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित