मिर्जापुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के सीमेंट से लदा एक अनियंत्रित कंटेनर चार मकानों को क्षतिग्रस्त करता हुआ एक मकान में घुस गया। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने मिर्जापुर-प्रयागराज राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौराहे के पास शिवप्रसाद गुप्ता (35) का मकान और व्यवसायिक प्रतिष्ठान है। बुधवार रात भोजन के बाद उनकी पत्नी मंजू देवी और पुत्री दिव्या घर के अंदर सो रही थीं, जबकि शिवप्रसाद अपने पुत्र राहुल (13) के साथ घर के बाहर टिन शेड के नीचे सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे सीमेंट से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर चार मकानों को क्षतिग्रस्त करता हुआ शिवप्रसाद के टिन शेड पर चढ़ गया और आगे नाले में पलट गया। हादसे में शिवप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मिर्जापुर-प्रयागराज राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर कई घंटे बाद जाम समाप्त कराया, जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
उल्लेखनीय है कि जिले में एक सप्ताह के भीतर इस प्रकार की यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले अदलहाट थाना क्षेत्र में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित