जौनपुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में अधिवक्ता की हत्या की घटना की जौनपुर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन ने कड़े शब्दों में निंदा की है और प्रदेश सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून (एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट) शीघ्र लागू करने की मांग की है। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन जौनपुर के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि मिर्जापुर में शनिवार सुबह अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि मृतक कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूपुर इलाके के निवासी थे और पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। वह सुबह टहलने निकले थे, तभी दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक हमलावर नजदीक पहुंचा और तमंचे से सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

श्री यादव ने कहा कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें हमलावरों का आना, गोली चलाना और फरार होना दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन घटना की कड़ी निंदा करता है तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करता है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा मृतक अधिवक्ता के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित