मिर्जापुर , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के बिसुन्दरपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी दया शंकर ओझा ने बुधवार को बताया कि विंध्याचल थाना क्षेत्र के नीबी नौगांव निवासी दीपेश दुबे (42) अपने साथी प्रांजल जायसवाल के साथ बाइक से लौट रहे थे। दोनों बिसुन्दरपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बाइक पिकअप में फंस गई और वाहन उसे करीब 400 मीटर तक घसीटता ले गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दीपेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रांजल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित