मिर्जापुर , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक बालगोविंद मिश्र ने बताया कि मड़िहान के ददरी खुर्द गांव स्थित निर्माणाधीन अडानी पावर इंडस्ट्री प्लांट में कार्य समाप्त करने के बाद रामपुर तैंतीस गांव निवासी विजय कुमार (33) अपने गांव के ही दो साथियों वीरेंद्र कुमार और राजेश कुमार को बाइक पर बैठाकर शनिवार रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर मड़िहान बाजार से पहले धर्मकांटा के पास वाहनों की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान विजय कुमार बाइक को जाम से निकालकर आगे बढ़ रहे थे, तभी मिर्जापुर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक ट्रक के नीचे फंस गए और करीब 50 मीटर तक घसीटते चले गए।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में तीनों मजदूरों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। पहचान के बाद परिजनों को रात में ही सूचना दे दी गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित