मिर्जापुर , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के डामंडगंज थाना क्षेत्र बुधवार रात ट्रक की टक्कर से एक बोलेरो कार में आग लग गयी जिसमें उसमें सवार यात्रियों के हताहत होने की संभावना है।

हादसा थाना क्षेत्र के बड़का मोड़ पर उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी, जिससे वाहन में आग लग गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे मिर्जापुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा ट्रक घाटी उतर रही बोलेरो से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बोलेरो में सवार कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका और सभी वाहन के अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी सवारों की जलकर मौत हो चुकी थी।

समाचार लिखे जाने तक मृतकों की संख्या का पता नहीं चल सका है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित