मिर्जापुर , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के डामंडगंज थाना क्षेत्र बुधवार रात ट्रक की टक्कर से एक बोलेरो कार में आग लग गयी जिसमें उसमें सवार यात्रियों के अलावा एक अन्य कार के चालक और ट्रक के क्लीनर की मृत्यु हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा थाना क्षेत्र के डामंडगंज पहाड़ी पर बड़का मोड़ पर उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो और एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बोलेरो में आग लग गयी जिससे उसमे सवार कोई भी यात्री बाहर नहीं निकल सका। इस बीच एक अन्य कार में सवार चालक की भी मौत होने की सूचना है। हादसे में ट्रक का परिचालक की भी मृत्यु हुयी है। हादसे में आठ से दस यात्रियों के मरने की संभावना व्यक्त की जा रही है, हालांकि मृतकों की सही संख्या की पुष्टि अब तक किसी अधिकारी ने नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे मिर्जापुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा ट्रक संभवत: ब्रेक फेल होने के कारण घाटी उतर रही बोलेरो से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस बीच ट्रक की टक्कर से कार सवार की भी मौत हो गयी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बोलेरो में सवार कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका और सभी वाहन के अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी सवारों की जलकर मौत हो चुकी थी। बेलोरो सवार प्रयागराज जिले के हाटा के निवासी बताये जाते हैं जो मैहर देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। घटना स्थल पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत कई आला अधिकारी की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य जारी था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित