मिर्जापुर , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने बुधवार मध्यरात्रि मुठभेड़ के दौरान छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से लूटे गए सर्राफा व्यवसायी के स्वर्ण आभूषण और नकदी बरामद कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के पास से करीब तीन किलो 750 ग्राम स्वर्ण आभूषण, जिसकी बाजार कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है, तथा एक लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पत्रकारों को बताया कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को ज्वेलर नवीन तिवारी से लूट की वारदात हुई थी। सूचना मिली थी कि लूटा गया सामान लेकर बदमाश मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। इस पर एसओजी, अहरौरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया।

बुधवार देर रात एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया। अन्य दो को सत्तेशगढ़ जंगल क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनोद प्रजापति उर्फ विनू प्रजापति, विजय लाम्बा, करीम खां और मोनू उर्फ राहुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। विजय लाम्बा पर विभिन्न थानों में 77 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अन्य आरोपितों पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लूट की घटना के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस और मिर्जापुर पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया था। बरामदगी के बाद वादी नवीन तिवारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित