मिर्जापुर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई दस्तावेजों के साथ चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक ने मंगलवार को बताया कि नगर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कोतवाली कटरा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद सबूज हुसैन निवासी बांग्लादेश बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डगमगपुर पड़री स्थित एक क्रेशर प्लांट से तीन अन्य बांग्लादेशी नागरिक सब्बीर हुसैन, नरेश दास और जय दास को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी अवैध रूप से भारत में रहकर मजदूरी कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बांग्लादेशी वोटर आईडी और पासपोर्ट सहित अन्य कागजात मिले हैं, जिनमें कुछ दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दलालों के माध्यम से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचे और वहां से ट्रेन के जरिए आगरा होते हुए मिर्जापुर आए। यहां उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर क्रेशर प्लांट पर काम करना शुरू कर दिया। दो आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज बनवाकर बिहार के पते पर आधार और पैन कार्ड भी तैयार करा लिए थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, नागरिकता अधिनियम तथा विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित