मिर्जापुर 11मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में गंगा नदी में सोमवार दोपहर मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए आए दो युवक गंगा स्नान के दौरान डूब गये जबकि पक्का घाट पर एक महिला और तीन बच्चों को गोताखोरों ने बचा लिया।

आजमगढ़ से मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के लिए आए एक परिवार के 14 सदस्य गंगा स्नान करने दीवान घाट पहुंचे। स्नान के दौरान सूरज (27) बैरिकेडिंग के बाहर तैरने लगा। नाविकों द्वारा रोके जाने पर वह उलझ पड़ा और मनमानी करते हुए बैरिकेडिंग पार कर गया। अचानक वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई अभिषेक (25) भी बैरिकेडिंग पार करके आगे बढ़ा, लेकिन गहरे पानी में वह भी डूब गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय और धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और गोताखोरों को बुलाकर दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। खबर लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

इसी दौरान पक्का घाट पर जौनपुर से आए एक परिवार के सदस्य गंगा स्नान कर रहे थे। आंचल, रिया, सुमित और यश गहरे पानी में चले गए और चारों एक साथ डूबने लगे। परिजनों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद गोताखोर कल्लू, किशुन, लवकुश, नरसिंह, छोटे लाल, राकेश और ओम प्रकाश ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी और सभी चारों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित