मिर्जापुर , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा ने बताया कि लालगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित गो-तस्कर गुफरान मोटरसाइकिल से नैढ़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नैढ़ी कठारी-गड़बड़ा धाम मार्ग पर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, रोकने पर आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुफरान (27) पुत्र ईशा, निवासी घुर्माबाद, जिला रोहतास, बिहार बताया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी तमंचा, चार जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार गुफरान के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत तीन अन्य मामले भी दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित