मिर्जापुर , अगस्त 30, -- कभी मिर्जापुर की जिलाधिकारी रही आईएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफे की यहां चर्चा जोरों पर है। दिव्या मित्तल अपने नई पारी की शुरुआत मिर्जापुर से कर सकती हैं।
दिव्या मित्तल के इस्तीफे की खबर जिले में बिजली की तरह फैल गई। फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सबसे अधिक चर्चा उनके यहां से चुनाव लडने को लेकर है। स्थानीय सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी सपा दोनों दलों के नेताओं में सुबगुहाट भी है।
हालांकि शासन ने उनका इस्तीफा अभी तक स्वीकार नही किया है न ही दिव्या मित्तल ने अपने नई पारी के विषय में खुलासा ही किया है पर उनके विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा अधिक है। सूत्रों की मानें तो वे मिर्जापुर से चुनाव लड़ सकती है।
यह अनायास नही है। अपने इस्तीफे के सोशल मीडिया पोस्ट में मिर्जापुर के लिए बड़े मार्मिक शब्दों का विवरण दिया है। जिलाधिकारी के रूप में यहां उनकी लोकप्रियता चरम पर थी।उनकी भव्य विदाई तीन चार सालों बाद भी याद की जाती है। श्रीमती मित्तल ने जिले से अपना सम्बन्ध बना रखा था। अभी एक महीने पहले यहां सरकारी काम से मिर्जापुर आयी थी।तब भी सैकड़ों लोगों उनके स्वागत में आ गए थे। उन्होंने भी किसी को निराश नही किया था।सारे दिन लोगों से मिलती जुलती रही थी। यहां से जाने के बाद देवरिया की जिलाधिकारी रहते हुए भी जनपद के लोगों से सम्बन्ध बनाए रखा था। अपने सोशल मीडिया एकाउंट से भी बराबर मिर्जापुर की यादें साझा करती रही है।
राजनीति विश्लेशक उनके यहां से चुनाव लड़ने सम्भावनाओ से इंकार नही करते हैं।अजीत कुमार दुबे कहते हैं कि इस्तीफे देने से पहले उनकी किसी न किसी दल से बातचीत जरुर हो गई होगी। श्री दुबे समाजवादी पार्टी की ओर इशारा करते हैं।उनका तर्क है कि केन्द्रीय मंत्री और अपना दल सुप्रीमो मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल से उनकी खुन्नस जगजाहिर है। उन्होंने ने ही उनको मिर्जापुर से हटवाया था।तब स्थानीय स्तर पर अनुप्रिया के खिलाफ आवाज भी उठी थी। श्री दुबे कहते हैं कि समाजवादी पार्टी के पास उनसे अच्छा उम्मीदवार नही होगा।वही भाजपा के लिए कहते हैं कि उसे अपने गढ़ में जबरदस्त चुनौती मिलेगी।
फिलहाल किसी आई ए एस के इस्तीफे के बाद ऐसी चर्चा पहली बार है। जनसत्ता से फोन पर हुई बात में उन्होंने अपनी नई पारी के लिए कुछ खुलासा नही किया। हां यह कहां कि शीध्र मां के चरणों में आके आगे की योजना को मूर्त रूप दूंगी। सभी से मिलुगी भी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित