आगर-मालवा , जून 04 -- मध्यप्रदेश में आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्वसिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर प्रबंध समिति ने सोशल मीडिया पर ''मिर्ची हवन'' के नाम से किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार-प्रसार के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा मां बगलामुखी मंदिर के नाम और प्रतिष्ठा का उपयोग करते हुए ''बगलामुखी हवन'' को ''मिर्ची हवन'' के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। समिति का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तथा मंदिर की छवि प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में मंदिर प्रबंध समिति ने चार सोशल मीडिया अकाउंट्स के विरुद्ध नलखेड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के लिंक तथा अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं।

समिति ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर में मिर्ची हवन की अनुमति नहीं है। मंदिर के नाम का उपयोग कर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा असत्य जानकारी प्रसारित करना अनुचित और दंडनीय कृत्य है।

मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर से संबंधित किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत माध्यमों और मंदिर कार्यालय से ही करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित सूचनाओं से सावधान रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित