मधुबनी , फरवरी 15 -- केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि मिथिला की छटा बिखेरती हिमाचल की टोपी को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे इस कला के प्रसार के साथ इस विधा के कलाकारों को रोजगार भी मिलेगा । महाशिवरात्रि के अवसर पर बिहार के मधुबनी जिले में पहुंचे श्री सिंह को ग्राम विकास परिषद के सचिव षष्ठिनाथ झा ने आज मिथिला पेंटिंग्स की छटा बिखेरती हिमाचल मॉडल की टोपी भेंट की। केंद्रीय मंत्री इस टोपी को पा कर प्रसन्न हुए और इसकी काफी सराहना की।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हिमाचल मॉडल टोपी पर मिथिला पेंटिंग्स बनाने से इस इलाके की कला संस्कृति के प्रसार के साथ कलाकारों को रोजगार भी मिलेगा।
ग्राम विकास परिषद के सचिव श्री झा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली,मुंबई और कोलकाता से टोपियों की मांग आ रही है। उन्होंने बताया कि दीवारों, साडिय़ों और तस्वीरों के बाद मिथिला पेंटिंग्स अब हिमाचल की टोपी पर छटा बिखेर रही है। उन्होंने कहा कि सिल्क के कपड़े पर हाथों की कलाकारी इस कला को आकर्षक बना रही हैऔर यहां के कलाकार हिमाचल की टोपी पर अपनी कलाकृति की छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मधुबनी शहर के रांटी स्थित ग्राम विकास परिषद के कलाकार टोपियों के निर्माण के दौरान इसे मिथिला की परंपरागत पेंटिंग से आकर्षक बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिथिला के पाग और हिमाचल की टोपी में समानता है, इसलिए यहां के कलाकारों ने आसानी से इसे बनाना शुरू कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित