जालौन , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को जिले के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ा में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से अमन उर्फ अम्मू (10) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना उस समय हुई जब अमन गांव में सौरभ राठौर के बाड़े में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था और वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डालकर भराई का कार्य चल रहा था।
बताया गया कि चालक लोकेंद्र सिंह निवासी ग्राम सामी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे कर रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते अमन ट्रॉली के पिछले पहिए के पास पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक को आवाज देकर सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और ट्रॉली का पहिया बालक के ऊपर चढ़ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर कैलिया थाना प्रभारी अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रैक्टर चालक और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित