आइजोल , जून 03 -- मिज़ोरम में सत्तारुढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने पार्टी प्रवक्ता के. लालतलुआंगकिमा को संसद के ऊपरी सदन में राज्य की एकमात्र सीट के लिए अपना उम्मीदवार चुना है।
जेडपीएम की नामांकन समिति की बुधवार को यहां आयोजित बैठक के बाद यह घोषणा की गयी। बैठक मुख्यमंत्री लालदुहोमा के सरकारी आवास पर हुई, जिसमें लालतलुआंगकिमा को 18 जून को होने वाले चुनाव के लिए सर्वसम्मति से उम्मीदवार चुना गया।
श्री लालतलुआंगकिमा वर्तमान में जेडपीएम की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य हैं और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में से एक हैं।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि वह गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और यदि निर्वाचित होते हैं, तो उनका ध्यान खाद्य आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और मिज़ोरम की सुरक्षा को मज़बूत करने पर होगा।
जेडपीएम के पास 40 सदस्यीय मिज़ोरम विधानसभा में 27 विधायकों का बहुमत है, जिससे उसका उम्मीदवार चुनाव में स्पष्ट रूप से सबसे मजबूत दावेदार बन गया है। विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) जिसके पास 10 विधायक हैं, ने भी चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
एमएनएफ के उपाध्यक्ष आर. लालथांगलियाना ने कहा कि पार्टी शुक्रवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा करेगी।
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस , जिनके पास विधानसभा में क्रमशः दो और एक सीट है, के उम्मीदवार उतारने की संभावना कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित