आइज़ॉल , जुलाई 01 -- मिजोरम ने केंद्र सरकार से पर्यटन विकास के लिए अधिक सहायता देने का आग्रह किया है जिसमें सामुदायिक पर्यटन और स्थानीय उद्यमियों के विकास पर विशेष ध्यान देने की मांग की गयी है।

मिजोरम के पर्यटन मंत्री लालनघिंगलोवा हमार और केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बुधवार को नयी दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान यह मांग की गयी।

श्री लालनघिंगलोवा ने परिवहन भवन में पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने मिजोरम में वर्तमान में लागू की जा रही पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की और भविष्य की पहलों के प्रस्तावों पर चर्चा की। बैठक में पर्यटन मंत्रालय के महानिदेशक और अतिरिक्त सचिव सुमन बिला भी शामिल हुए।

उन्होंने मिजोरम के पर्यटन क्षेत्र को निरंतर सहायता प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की बढ़ती संख्या के स्वागत के लिए पर्यटन के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में पर्यटन मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के तहत प्रस्तुत की गई मिजोरम की परियोजनाओं की समीक्षा की गयी।

श्री कुमार ने चर्चा के दौरान कहा कि मंत्रालय पर्यटन विकास के लिए एक नया दृष्टिकोण अपना रहा है। इसके तहत कई छोटी-छोटी परियोजनाओं के बजाय प्रत्येक राज्य में कुछ बड़े पैमाने की ऐसी परियोजनाओं को लागू करने पर ध्यान दिया जा रहा है, जो वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त पर्यटन स्थल बनाने में सक्षम हों। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यक्रमों को एकीकृत करके एक नयी योजना तैयार की जा रही है। निकट भविष्य में इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित योजना की व्यापक रूपरेखा पर भी चर्चा की गयी।

पर्यटन मंत्री ने मिजोरम के पर्यटन क्षेत्र के विकास में सामुदायिक भागीदारी और पर्यटन उद्यमियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि आगामी केंद्रीय योजना में सामुदायिक पर्यटन को एक मुख्य घटक के रूप में शामिल किया जाये।

केंद्रीय पर्यटन सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार भी सामुदायिक पर्यटन को महत्व देती है और आश्वासन दिया कि इसे नयी योजना के घटकों में से एक के रूप में शामिल किया जायेगा।

बैठक के दौरान श्री लालनघिंगलोवा के साथ उनके निजी सचिव एच. लालरामेंगा भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित