आइजोल , अगस्त 08 -- मिजोरम की तीन स्वायत्त जिला परिषदों (एडीसी) लाई, मारा और चकमा का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने केंद्र सरकार से संविधान (125वां संशोधन) विधेयक, 2019 को जल्द पारित करने का आग्रह किया है, जो कई वर्षों से संसद में लंबित है।

भाजपा की प्रदेश इकाई ने शनिवार को बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से उनके आवास पर मुलाकात की और लंबे समय से लंबित इस विधेयक को जल्द से जल्द पारित करने का अनुरोध किया। संविधान (125वां संशोधन) विधेयक का उद्देश्य संविधान की छठी अनुसूची के तहत स्वायत्त जिला परिषदों की वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियों को मजबूत करना है। अन्य प्रावधानों के अलावा, इसमें परिषदों के गठन और कामकाज में बदलाव तथा अधिक वित्तीय स्वायत्तता का प्रस्ताव है, जिसमें कराधान और अनुदान से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं।

मिजोरम की छठी अनुसूची वाली तीन एडीसी के लिए इसका पारित होना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उनकी संस्थागत और वित्तीय शक्तियां मजबूत हो सकती हैं और स्थानीय मामलों के प्रशासन की उनकी क्षमता में सुधार हो सकता है। श्री राय ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि विधेयक के संबंध में भाजपा के नेताओं द्वारा उठायी गयी चिंताओं को उचित महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। श्री शाह को विधेयक से संबंधित प्रक्रिया के लिए अध्यक्ष नामित किया गया है।

उन्होंने कहा कि विधेयक पर जल्द ही एक बैठक बुलायी जायेगी और इसे जल्द से जल्द आगे बढ़ाने के प्रयास किय जायेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने 30 मई, 2025 को लॉंग्टलाई बाजार और लॉन्गटलाई-4 में हुए भूस्खलन के बाद राहत उपायों और मलबा हटाने के लिए मिजोरम सरकार द्वारा मांगी गयी धनराशि को तत्काल जारी करने की भी मांग की, जिससे घरों और कृषि भूमि को नुकसान हुआ।

भाजपा लांगतलाई (एलएडी) के जिला अध्यक्ष लालहुएत्लुआंगी वंदिर ने राय के साथ इस मुद्दे को उठाया, जिन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस मामले पर कार्रवाई करेंगे और जल्द से जल्द धन जारी करने की सुविधा के लिए कदम उठाएंगे। एडीसी का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिनिधिमंडल में विधायक एवं प्रदेश भाजपा कोर समूह के सदस्य के. हरमो, मारा स्वायत्त जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य एवं सियाहा जिला के भाजपा अध्यक्ष एम. लाइकॉ और लॉन्गत्लाई जिला के भाजपा अध्यक्ष लालहरुएत्लुआंगी वंदिर शामिल थे। बैठक के दौरान भाजपा पूर्वोत्तर समन्वयक एवं सांसद संबित पात्रा भी भाजपा नेताओं के साथ थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित