आइजोल , मई 26 -- मिज़ोरम सरकार ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के असर को देखते हुए ईंधन बचाने के उपायों के तहत अगली सूचना तक प्रत्येक बुधवार को ''सरकारी गाड़ी-मुक्त दिवस'' के रूप में मनाये जाने की घोषणा की है।

गत 19 मई को जारी सरकारी अधिसूचना के अनुसार पश्चिम एशिया की स्थिति से जुड़ी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच, संसाधनों को बचाने और उनका सही इस्तेमाल करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के जवाब में सरकारी कर्मचारियों को सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल न करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार राज्य सरकार ने इस पहल को आसान बनाने के लिए बुधवार को पूरे आइजोल में सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष बस सेवाओं का इंतज़ाम किया है।

अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का मकसद ईंधन की खपत को कम करना और सरकारी कर्मचारियों के बीच सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित