मुंबई , जुलाई 31 -- भोजपुरी अभिनेत्री माही श्रीवास्तव और गायिका सृष्टि भारती के नए लोकगीत 'मच्छरदनिया ए राजा' ने रिलीज के महज एक दिन के भीतर यूट्यूब पर 10 लाख से अधिक व्यूज हासिल कर लिए हैं।वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुए इस गीत को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। सृष्टि भारती की सुरीली आवाज और माही श्रीवास्तव की आकर्षक अदाओं तथा ऊर्जावान नृत्य ने गीत को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। पारंपरिक अंदाज में फिल्माए गए इस गीत में माही श्रीवास्तव के भाव-भंगिमा और नृत्य दर्शकों को खासे पसंद आ रहे हैं।

'मच्छरदनिया ए राजा' में अभिनेता रोहित वर्मा भी नजर आए हैं। गीत के बोल सोनू सरगम (आरा) ने लिखे हैं, जबकि संगीत विक्की वॉक्स ने दिया है। वीडियो का निर्देशन आशीष सत्यार्थी ने किया है। छायांकन संतोष यादव और नवीन ने किया है तथा कोरियोग्राफी अनुज मौर्या की है। संपादन प्रवीण यादव ने किया है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत इस गीत के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। उन्होंने गीत की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इसे जिस उम्मीद के साथ बनाया गया था, वह दर्शकों के बीच सफलता का परचम लहरा रहा है। उन्होंने गीत को प्यार देने के लिए श्रोताओं और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

वहीं अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने कहा कि गीत की अवधारणा सुनते ही उन्हें विश्वास हो गया था कि यह दर्शकों को पसंद आएगा। उन्होंने गीत की सफलता के लिए दर्शकों और निर्माता रत्नाकर कुमार का धन्यवाद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित