, Oct. 12 -- मास्को, 12 अक्टूबर (स्पूतनिक/वार्ता) रूस के उप-विदेश मंत्री अलेक्जेंडर अलीमोव ने कहा है कि मास्को में आयोजित दूसरे ग्लोबल डिजिटल फ़ोरम में 100 से ज़्यादा देशों ने हिस्सा लिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय डिजिटल एजेंडा के अहम् मुद्दों पर खुली चर्चा का अवसर प्राप्त हुआ।

श्री अलीमोव ने कहा, " पिछले साल की तरह ही, ग्लोबल डिजिटल फ़ोरम में लोगों ने बहुत दिलचस्पी दिखाई। इसमें 100 से ज़्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें संचार एवं डिजिटल विकास मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, निजी कंपनियां और विशेषज्ञ लोग शामिल थे।"राजनयिक के अनुसार, इस कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय डिजिटल मुद्दों, जिनमें अंतरराष्ट्रीय सूचना सुरक्षा भी शामिल है, पर खुलकर एवं विस्तार से चर्चा करने का अवसर मिला। साथ ही, इसने प्रतिभागियों को सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने वाले उपायों की पहचान करने में भी मदद की।

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस फ़ोरम के माध्यम से 'वैश्विक दक्षिण' के देशों में रूस के विकसित तकनीकी समाधानों के प्रति दिलचस्पी भी बढ़ी है, उनके अनुसार, इससे मास्को के साझेदारों को ज़्यादा डिजिटल संप्रभुता प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।

श्री अलीमोव ने कहा, "ऐसे घरेलू समाधानों को बढ़ावा देना तब और भी ज़रूरी हो जाता है जब कुछ बेईमान अंतरराष्ट्रीय पक्ष 'विकास में सहयोग' का दिखाव कर अपनी बिना परखी एवं अक्सर असुरक्षित तकनीकों को ज़बरदस्ती थोपने की आक्रामक कोशिशें कर रहे हों।"राजनयिक ने कहा कि फ़ोरम में हुई बातचीत से अंतरराष्ट्रीय मंचों, खासकर संयुक्त राष्ट्र में रूस और विकासशील देशों के बीच साझा रुख की पुष्टि हुई और साथ ही सहयोग के नए संभावित क्षेत्रों की भी पहचान की गई।

श्री अलीमोव के अनुसार, प्रतिभागियों ने बार-बार साइबर अपराध के खिलाफ़ संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन के महत्व पर बल दिया, जिसकी बातचीत की प्रक्रिया रूस की पहल पर शुरू की गई थी।

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, " यह अंतरराष्ट्रीय संधि, जिस पर पहले ही 94 देश हस्ताक्षर कर चुके हैं, कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लिए गैर-कानूनी कामों में सूचना एवं संचार तकनीकों के इस्तेमाल से निपटने का एक असरदार माध्यम बनेगी। "दूसरे ग्लोबल डिजिटल फ़ोरम का आयोजन आठ से 10 अक्टूबर तक मास्को में किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित