बलरामपुर , अगस्त 23 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर के इलाज और इंजेक्शन लगाए जाने के बाद तीन वर्षीय बच्चे की मौत के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान प्रशासन ने चार क्लीनिकों को सील कर दिया है, जबकि जिले में ऐसे अन्य क्लीनिकों की जांच जारी है।
आज मिली प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जिले के ग्रामीण इलाकों में बिना मान्यता प्राप्त डिग्री और आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। तीन वर्षीय बच्चे की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है।
बताया गया है कि तीन वर्षीय बच्चे का एक कथित झोलाछाप डॉक्टर ने इलाज किया था। इलाज के दौरान बच्चे को इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अवैध क्लीनिक एवं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ सघन जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित